द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा सदर थाना क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर मेघातरी कालीमंडा के पास कच्चा तेल लदा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण बाल्टी-ड्रम लेकर तेल भरने पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, टैंकर पश्चिम बंगाल के हल्दिया से कच्चा तेल लेकर कोडरमा के रास्ते नेपाल जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो को बचाने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया और टैंकर पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोट आई है।

तेल बहते ही मौके पर जुटी भीड़
टैंकर के पलटते ही उसमें भरा कच्चा तेल सड़क पर बहने लगा। तेल बहता देखकर आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और बाल्टी, ड्रम समेत अन्य बर्तनों में तेल भरकर ले जाने लगे। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को वहां से हटाया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया और क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कर सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।

बिना प्रोसेस के तेल का इस्तेमाल खतरनाक
ग्रामीणों के वहां से हटाए जाने तक काफी मात्रा में तेल ले जाया जा चुका था, जबकि बड़ी मात्रा में कच्चा तेल सड़क पर बह गया। बताया गया कि टैंकर में सोयाबीन तेल बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल लदा था, जो पूरी तरह रिफाइंड नहीं था। विशेषज्ञों के अनुसार, बिना जांच और जरूरी प्रोसेस के इस तरह के कच्चे तेल का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है।