logo

लोहरदगा : कुडू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 1 क्विंटल 68 किलो गांजा बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

sdrbtybe.jpg

द फॉलोअप डेस्क
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कुडू थाना पुलिस को लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कार से एक क्विंटल अड़सठ किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। लोहरदगा पुलिस कप्तान सादिक अनवर रिजवी ने कुडू थाना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उड़ीसा से बिहार की ओर गांजे की बड़ी खेप कार से लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर कुडू थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस ने संख–लुकैया मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान एक बिहार नंबर की फोर्ड फिएस्टा कार (रजिस्ट्रेशन संख्या BR11Z-3556) पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस ने उसका पीछा किया, जिसके दौरान कार बढ़की चापी के पास कलवा ढोढा पुल के समीप एक पेड़ से टकरा गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

कार की तलाशी लेने पर उसमें 42 पैकेट गांजा बरामद किया गया। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के बेलपहाड़ निवासी अमिश कुमार लाल, पिता संजय लाल और बिहार के औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना अंतर्गत नरौला निवासी आकाश राय, पिता ओसियर राय के रूप में की गई है।

एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि बरामद गांजे का कुल वजन एक क्विंटल अड़सठ किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर संदीप रंजन, कुडू सीओ संतोष उरांव, थाना प्रभारी मनोज कुमार, तथा एसआई अश्विनी कुमार मौके पर उपस्थित थे। गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व, गुरुवार को भी कुडू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 413 पेटियों में करीब 50 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की थी। लगातार दो दिनों में हुई इन सफल कार्रवाइयों से नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है, वहीं कुडू पुलिस की तत्परता और सतर्कता की व्यापक सराहना की जा रही है।



 

Tags - Latest jharkhand news Jharkhand News Lohardaga news  latest jharkhand News jharkhand News in Hindi Lohardaga news updates latest Lohardaga news Lohardaga updates in hindi latest updates Lohardaga latest updates