logo

रांची में आंदोलनरत अभ्यर्थियों से सरकार की ओर से मिले कुमार राजा, क्या हुई बात!

Kumar.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड सरकार की ओर से आज कांग्रेस नेता कुमार राजा ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं  में गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों को यह आश्वासन दिया है कि सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। आयोग के चेयरमैन एल खियांग्ते का इस्तीफा हुआ है। JPSC में काम कर रहे अधिकारियों को हटाया गया है। इस बीच छात्रों ने मांग रखी कि किसी भी आयोग में राजनीतिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति नहीं होना चाहिए। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं की जिम्मेदारी किसी बाहरी एजेंसी को ना देकर झारखंड की ही किसी स्थानीय कंपनी को दी जाये। 

अभ्यर्थियों की मुख्य मांगें क्या हैं!
इधर, अभ्यर्थियों ने कुमार राजा के सामने 3 प्रमुख मांगें रखी हैं। अभ्यर्थियों की पहली मांग है कि 14वीं JPSC सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा रद्द की जाए। अभ्यर्थियों ने JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग रखी है। अभ्यर्थियों की यह भी मांग है कि 13वीं और 14वीं JPSC की नई अधिसूचना जारी हो, जिसमें उम्रसीमा का कटऑफ वर्ष 2018 रखी जाए। प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि JPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा की उत्तर-पुस्तिका का मूल्यांकन मैन्युअल तरीके से जांची जाए। उसे वेबसाइट पर डिजिटली अपलोड करने की भी मांग की गई है। अभ्यर्थयों ने कुमार राजा के सामने यह समस्या रखी कि परीक्षा कैलेंडर का पालन नहीं किया जाता है। 

इन परीक्षाओं को रद्द करने की मांग!
अभ्यर्थियों ने कुमार राजा से कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी की अधिसूचना में किसी भी प्रकार की दुविधा होती है तो आयोग के संबंधित अधिकारी प्रेस कांफ्रेंस करके उसका समाधान करें। अभ्यर्थियों  ने कहा कि हम यदि फोन पर समाधान चाहते हैं तो बातचीत ही नहीं हो पाती है। अभ्यर्थियों ने जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के अलावा उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा और सीजीएल को भी रद्द करने की मांग रखी।  

सरकार तक पहुंचाएंगे मांगों का ज्ञापन
मीडिया से बातचीत करते हुए कुमार राजा ने कहा कि हमें अभ्यर्थियों के आंदोलन करने से कोई आपत्ति नहीं है, बल्कि यह तो  उनका संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि छात्रों की जो भी मांगें हैं, उसे मैं पहले पार्टी स्तर पर रखूंगा। पार्टी स्तर पर फैसला करने के बाद उसे सरकार तक पहुंचाया जाएगा। कुमार राजा ने कहा कि यदि भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी हुई है तो जांचोपरांत जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। कुमार राजा ने कहा कि सरकार आंदोलनरत छात्रों के साथ है। 
 

Tags - Jharkhand NewsJPSCJSSCJPSC ProtestJharkhand Hemant Government