द फॉलोअप डेस्क
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हाल ही में जमशेदपुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी देवन गांधी के पुत्र युवा व्यवसायी कैरव गांधी के अपहरण मामले पर चर्चा की और आग्रह किया कि झारखंड पुलिस कैरव गांधी की सकुशल घरवापसी सुनिश्चित करे। उन्होंने डीजीपी के साथ ग़ालूडीह के पुतड़ू गांव निवासी तारापदो महतो की हत्या के मामले पर भी चर्चा की और पूरे घटनाक्रम में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करवाने के आग्रह किया।
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बताया कि इस मामले में सभी तकनीकी बिंदुओं पर गहन जांच करते हुए आगे बढ़ा जा रहा है तथा पुलिस के सभी विभागों के द्वारा हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और जांच सही दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही कैरव गांधी सकुशल अपने परिवार जनों के साथ होंगे। तारपादो महतो के हत्या के मामले पर भी जिला पुलिस पूरी तत्परता के साथ लगी है और अपराधी किसी सूरत में नहीं बचेंगे।
