द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नायकडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में विनोद यादव, कोलेश्वर यादव समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना का एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार नायकडीह स्थित एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष से जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव और दूसरे पक्ष से विनोद यादव उस जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं। इसी विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद विनोद यादव ने आरोप लगाया है कि जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। वहीं दूसरी ओर छोटेलाल यादव ने भी विनोद यादव समेत अन्य लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्ष से आवेदन दिया गया है पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
