logo

जमीन घोटाला मामला : ED ने भरत प्रसाद और राजेश राय को किया गिरफ्तार

ed35.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमीन घोटाले की जांच कर रही ईडी ने सोमवार देर शाम दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ईडी ने भरत प्रसाद व राजेश राय को गिरफ्तार किया है। आज दोनों की पेशी कोर्ट में होगी। जहां से दोनों को रिमांड पर लेने के लिए ईडी कोर्ट से आग्रह करेगी। बता दें कि इन दोनों की गिरफ्तारी चेशायर होम रोड जमीन के मामले में हुई है। दोनों मास्टरमाइंड अफसर अली उर्फ उर्फ अफ्सू के खास सहयोगी हैं। जानकारी के अनुसार राजेश राय ने ही पुनीत भार्गव को चेशायर होम रोड की जमीन बेची थी। बता दें कि अफसर अली सहित सात आरोपियों को ईडी ने गत 14 अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में अब तक 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


 करोड़ों रुपए का निवेश किया 
राजेश बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं। वहीं भरत प्रसाद हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश के करीबी पुनीत भार्गव ने इस ज़मीन में करोड़ों रुपए का निवेश किया है। पुनीत भार्गव ने रांची के चेशायर होम रोड में जिस भूमि की डील की थी, उसकी रजिस्ट्री के लिए एक करोड़ 80 लाख रुपए से ज़्यादा की राशि खर्च की गई थी। सारे पैसों का ट्रांज़ेक्शन चेक के माध्यम से राजेश राय को किया गया था। पूरी राशि के भुगतान के लिए बैंक ऑफ़ बड़ौदा के एकाउंट में आठ चेक का इस्तेमाल किया गया था।


 करीब 5.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ
पुनीत भार्गव ने राजेश राय से 6 फरवरी 2021 को जमीन खरीदी और दो महीने बाद इस भूखंड को 1 करोड़ 80 लाख रुपए में विष्णु अग्रवाल को बेच दी। इस लिहाज से देखें तो पुनीत भार्गव को डेढ़ लाख रुपए का मुनाफा हुआ, लेकिन इस पूरी डील में पुनीत भार्गव को करीब 5.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ। क्योंकि पुनीत भार्गव ने जमीन रजिस्ट्री करने के एवज में राजेश राय को 1 करोड़ 78 लाख 55 हज़ार 800 रुपए का भुगतान किया और करीब 7 लाख रुपए का खर्च स्टाम्प और कोर्ट फ़ीस में हुआ था।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT