द फॉलोअप डेस्क
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बड़े भूस्खलन की खबर सामने आई है, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई और 5 अन्य घायल हो गए हैं। यह घटना मणिकरण गुरुद्वारा के पास स्थित पार्किंग क्षेत्र में हुई, जहां भूस्खलन के कारण कई पेड़ उखड़कर गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए और घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। कुल्लू के एडीएम अश्वनी कुमार ने बताया कि सभी घायलों को जरी स्थित सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। यह हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ, जब कुछ लोग सड़क किनारे बैठे थे। अचानक हुए भूस्खलन के कारण पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे ये लोग उनकी चपेट में आ गए। प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी है, और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।