द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय परिसर में लगे ट्रांसफार्मर पर वज्रपात हो गया। वज्रपात के कारण ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ और विद्यालय के कमरों में अचानक हाई वोल्टेज करंट दौड़ गई। इस घटना की चपेट में आकर करीब दो दर्जन छात्राएं बेहोश हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी तुरंत मौके पर पहुंचे और छात्राओं से अस्पताल में जाकर मुलाकात की। उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाज और देखरेख के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात करने के निर्देश दिए। मिली जानकारी के अनुसार, बेहोश हुई छात्राओं में ज्योति कुमारी, इलमा मलिक, कंचन कुमारी, सबूता खातून, अंजना मंडल, फरहाना नाज़, आयशा परवीन, मिनोदी हांसदा, रीना कुमारी, मुस्कान खातून, तारा कुमारी, सजनी कुमारी, सुमन टुडू, निशा हांसदा, रिया कुमारी और छोटी कुमारी सहित अन्य छात्राएं शामिल हैं। बता दें कि घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से विद्यालय में छुट्टी घोषित कर दी है।
