logo

चतरा में आकाशीय बिजली का कहर: दो घटनाओं में तीन महिलाओं की मौत, कई घायल

वगरतग7.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के चतरा जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड में शुक्रवार को बेमौसम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है। पहली घटना सिंघानी गांव के बन्दरचुवां इलाके में हुई, जहां वज्रपात की चपेट में आने से शमा परवीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना मेराल पंचायत के जेहरा गांव में घटी, जहां संजय भुइयां की दो पत्नियां पूनम देवी और कल्याणी देवी (जो आपस में सगी बहनें थीं) बिजली गिरने से जान गंवा बैठीं। 


इन घटनाओं में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को तत्काल हजारीबाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरतलब है कि झारखंड में मानसून के दौरान वज्रपात की घटनाएं आम होती हैं, लेकिन एक ही दिन में तीन महिलाओं की मौत ने लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहने और सुरक्षित जगहों पर शरण लेने की अपील की है।