logo

लोहरदगा : ड्यूटी के दौरान हवलदार सुरेंद्र नाथ टुडू का निधन, एसपी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

WhatsApp_Image_2026-05-06_at_2_57_29_PM1.jpeg

लोहरदगा
लोहरदगा पुलिस लाइन में तैनात हवलदार सुरेंद्र नाथ टुडू का निधन हो गया। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक हवलदार 1993 बैच के पुलिसकर्मी थे और मूल रूप से धनबाद जिले के टुंडी के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में उनकी तबीयत अचानक खराब हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। लोहरदगा पुलिस लाइन में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई, जहां पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने पुष्प अर्पित कर अंतिम विदाई दी। इस दौरान जिले के अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने भी नम आंखों से अपने साथी को अंतिम सलामी दी।

परिजनों को सहायता, पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर विभाग की ओर से अंतिम संस्कार हेतु 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग की ओर से सभी आवश्यक कागजी प्रक्रियाओं में हर संभव सहयोग किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन शव को उनके पैतृक गांव टुंडी (धनबाद) ले गए हैं, जहां पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। मृतक अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। एसपी ने कहा कि उनकी सेवा और समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा और विभाग की ओर से परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।


 

Tags - Lohardaga Police Jharkhand News Police Death Breaking News Ground Report