लोहरदगा
शहर के पतरा टोली स्थित प्रिया स्टोर में गुरुवार शाम बेखौफ अपराधियों ने दुकान संचालक शुभम साहू की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक शुभम साहू, पिता सुनील साहू, मूल रूप से किसको थाना क्षेत्र के नारी नवाडीह गांव का रहने वाला था। वह वर्तमान में लोहरदगा शहर के किसको मोड़ के पास रहकर व्यवसाय करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पल्सर बाइक पर सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे। एक युवक बाइक स्टार्ट कर बाहर तैयार खड़ा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर घुसा और शुभम साहू को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार बाहर निकले, लेकिन तब तक दोनों अपराधी पल्सर बाइक से फरार हो चुके थे। कई दुकानदारों ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि किसी वाहन का टायर फटा है, इसलिए कोई तुरंत घटना को समझ नहीं पाया। गोली लगने के बाद शुभम को आनन-फानन में लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दुकान को सील कर जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान को सील कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस ने इस हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए दावा किया है कि घटना में शामिल आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर पूरे गोलीकांड का खुलासा किया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे शहर में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।
