द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा हो गया। आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस की चपेट में आने से सात भैंसों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना लोहरदगा-टोरी रेलवे लाइन पर बंदुआ गांव के समीप हुई। हादसे के कारण करीब ढाई घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार आनंद विहार से पुरुलिया जा रही ट्रेन संख्या 14022 जब कुड़ू थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव के पास पहुंची, तभी अचानक 12 भैंसों का झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया। ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगा सका और भैंसें ट्रेन की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सात भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गईं।

हादसे के बाद ढाई घंटे तक रुकी रही ट्रेन
बताया जा रहा है कि भैंसों को एक पशु व्यापारी लेकर जा रहा था। इसी दौरान वे भटककर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गईं। हादसे के बाद ट्रेन को घटनास्थल पर ही रोक दिया गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान और रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची तथा ट्रैक को साफ कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ट्रेन को सुबह करीब 10 बजे रांची के लिए रवाना किया गया।

जांच में जुटी आरपीएफ और रेलवे टीम
इस घटना के चलते लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। इस मार्ग पर राजधानी एक्सप्रेस, सासाराम एक्सप्रेस और चोपन एक्सप्रेस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनें संचालित होती हैं। लोहरदगा आरपीएफ थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पशु अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गए थे, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। रेलवे और आरपीएफ की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।