logo

गैस-ईंधन संकट पर राष्ट्रीय स्तर पर हलचल, 27 मार्च को विज्ञान भवन में हाई-लेवल की बैठक में शामिल होंगे मंत्री इरफान 

irfan22.jpg

रांची 
देश में लगातार बढ़ती एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की कीमतों को लेकर अब केंद्र सरकार सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में 27 मार्च को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एक हाई-लेवल बैठक बुलाई गई है, जिसमें देशभर के राज्यों के मंत्री शामिल होंगे।
यह बैठक केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर की पहल पर आयोजित की जा रही है। बैठक का उद्देश्य बढ़ती गैस और ईंधन कीमतों पर नियंत्रण के उपाय तलाशना और राज्यों से फीडबैक लेना है।


झारखंड की ओर से रखी जाएगी जमीनी हकीकत
इस अहम बैठक में झारखंड का प्रतिनिधित्व राज्य के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी करेंगे। उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिससे यह साफ है कि राज्य की स्थिति को गंभीरता से लिया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, डॉ. अंसारी बैठक में झारखंड में गैस और ईंधन संकट की वास्तविक स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट पेश करेंगे। इसके साथ ही वे केंद्र सरकार से राहत देने और ठोस कदम उठाने की मांग भी रखेंगे। जानकारी के अनुसार, डॉ. इरफान अंसारी इस मुद्दे को पहले से ही लगातार उठा रहे थे। राज्य में गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति से जुड़े सवालों को लेकर उन्होंने कई बार चिंता जताई थी।
अब केंद्र स्तर पर बैठक बुलाए जाने को इसी पहल का विस्तार माना जा रहा है, जहां सभी राज्यों के अनुभव और समस्याओं को एक मंच पर रखा जाएगा।


आम जनता को राहत की उम्मीद
इस हाई-लेवल बैठक से उम्मीद की जा रही है कि सरकार जल्द ही आम लोगों को राहत देने के लिए कुछ ठोस फैसले ले सकती है। गैस और ईंधन की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है, ऐसे में इस बैठक के नतीजों पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।


 

Tags - VIGYAN BHAWAN ENERGY POLICY GAS PRICE MINISTERS MEETING PUBLIC RELIEF