द फॉलोअप डेस्क
देश में एलपीजी की किल्लत की शिकायतें मिल रही है। गैस एजेंसियों के दफ्तर के बाहर खाली सिलेंडर लिए लोग कतार में लगे हैं। केंद्र सरकार इस बात से साफ इनकार करती है कि गैस की किल्लत है। मार्च के अंतिम सप्ताह में ही दावा किया था कि अभी 2 महीने का गैस और पेट्रोलियम का स्टॉक मौजूद है, लेकिन इसी बीच केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी सौर उर्जा से चलने वाले स्टोव को प्रमोट करते नजर आते हैं। बताते हैं कि कैसे इस स्टोव में भी एलपीजी गैस की तरह ही आग निकलती है और इसपर खाना पकाया जा सकता है।

इम्पोर्टेड स्टोव का किया प्रदर्शन
प्रह्लाद जोशी स्टोव की तस्वीर डालते हुए लिखते हैं कि कल एक भारतीय कंपनी ने एक इम्पोर्टेड स्टोव का प्रदर्शन किया। यह स्टोव खाना पकाने के लिए बिजली का इस्तेमाल करके LPG की तरह ही आग जैसी लपटें पैदा करता है। मैं इस नई टेक्नोलॉजी से सचमुच बहुत प्रभावित हुआ, और मैं चाहूंगा कि भारतीय निर्माता इसे अपनाएं और देश के भीतर ही इसका बड़े पैमाने पर उत्पादन करें।प्रह्लाद जोशी ने बताया कि जब इस स्टोव को पीएम सूर्यघर के साथ जोड़ा जाता है, जो सौर ऊर्जा से बिजली बनाने में सहायता करता है। यह नई खोज एलपीजी पर हमारी निर्भरता को कम करता है। प्रह्लाद जोशी ने इसे गेम चेंजर बताया है।

क्यों आ रही दिक्कत
गौरतलब है कि खाड़ी देशों में जारी जंग के बीच ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने से दुनियाभर में तेल और गैस की आपूर्ति बाधित हुई है। कुछ शर्तों के साथ ईरान ने भारत समेत कुछ अन्य देशों को होर्मुज स्ट्रेट का इस्तेमाल करने की इजाजत दी है लेकिन, यह उतनी संख्या में नहीं हो पा रहा है, जितना कि इसे होना चाहिए था। पिछले दिनों अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम पर सहमति बनी थी और ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को खोलने का वादा किया था, लेकिन इजराइल के लेबनान पर हमला करने से सीजफायर टूट गया और होर्मुज स्ट्रेट दोबारा बंद हो गया।