logo

चिरिया माइंस पहुंचे मधु कोड़ा और गीता कोड़ा, सप्लाई मजदूरों की समस्याओं पर सेल प्रबंधन से की वार्ता

madhu_gita_koda.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पूर्व सीएम मधु कोड़ा और पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने सोमवार को मनोहरपुर स्थित सेल की चिरिया लौह अयस्क खदान क्षेत्र का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने सुकरी-दुबिल माइंस के सप्लाई मजदूरों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. मजदूरों ने बताया कि कई महीनों से उनका बकाया वेतन, ग्रेच्युटी, मेडिकल सुविधा, लीव वेज और अन्य वैधानिक सुविधाओं का भुगतान लंबित है. उन्होंने कहा कि आर्थिक संकट के कारण परिवार चलाने में कठिनाई हो रही है और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है. इसके बाद मधु कोड़ा और गीता कोड़ा ने सेल चिरिया के जीएम रवि रंजन और एचआर पर्सनल विकास दयाल से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने सेल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर मजदूरों के बकाया भुगतान, वैधानिक सुविधाओं की बहाली, छंटनी पर रोक और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.
मौके पर गीता कोड़ा ने कहा कि चुनाव के दौरान जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर जनता से वादे किये जाते हैं, लेकिन बाद में मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं पर गंभीर पहल नहीं होती. उन्होंने कहा कि लंबे समय से बंद खदानों को चालू कराने की दिशा में ठोस प्रयास नहीं होने से क्षेत्र में बेरोजगारी और पलायन बढ़ा है. उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन के साथ हर स्तर पर प्रयास किया जायेगा. गीता कोड़ा ने कहा कि मजदूरों के हक और सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जायेगी. इस मौके पर मजदूर प्रतिनिधि मोहनलाल चौबे, तरिणी सेन नाग, बीस केसन दास, मनोहर झा, राजकुमार लोहार, देवलाल मुखी, केदारनाथ, रतन हो, राजकुमार ग्वाला, घनश्याम दंडपती और रंगो मुण्डा समेत अन्य लोग मौजूद थे.

Tags - Madhu Koda Chiria mines visit Chiria iron ore mine workers Jharkhand mining workers protest SAIL workers gratuity payment Jharkhand labor rights news