द फॉलोअप डेस्कः
हेमंत सोरेन सरकार की अति महत्वकांक्षी योजना मंईयां सम्मान योजना की मंईयां सम्मान यात्रा आज से शुरू होगी। मंत्री बेबी देवी, दीपिका पांडेय सिंह और कल्पना सोरेन के नेतृत्व में गढ़वा के बंशीधर नगर से सम्मान यात्रा की शुरुआत होगी। यह यात्रा तीन दिनों तक पलामू प्रमंडल में चलेगी। इस दौरान दर्जनों सभाएं होंगी। सोमवार को गढ़वा के बंशीधरनगर, रमना व मेराल में जनसभाएं होंगी। मंगलवार को गढ़वा, मझिआंव, हैदरनगर, छतरपुर और पाटन में जनसभा होंगी। जनसभा को तीनों महिला नेत्री संबोधित करेंगीं। साथ ही रात में मेदिनीनगर के दलित छात्रावास में चौपाल होगी। इसमें मंत्री बेबी देवी, दीपिका पांडेय सिंह और कल्पना सोरेन छात्रों के साथ संवाद करेंगीं।
25 सितंबर को मंईयां सम्मान यात्रा के तहत मनिका, लातेहार, चंदवा, बालूमाथ और पांकी में जनसभाएं होगी। मंईयां सम्मान योजना के क्रम में मंत्री और विधायक तीन दिनों तक पलामू में कैंप करेंगी। मंत्री व विधायक योजना के लाभुकों और लोगों के साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर संवाद करेंगीं। मंईयां सम्मान यात्रा के क्रम में पूरे राज्य में 25 हजार आम सभाएं, 75 सौ सभाएं और 15 सौ स्थानों पर स्वागत समारोह की तैयारी की गयी है।
सीएम हेमंत सोरेन द्वारा शुरू की गयी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अब तक 45 लाख महिलाएं योजना से जुड़ चुकी हैं। उन सबको हर वर्ष 12 हजार रुपये सम्मान राशि दी जायेगी। योजना की पहली दो किस्त महिलाओं के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जा चुकी है।