logo

जामताड़ा स्टेशन के पास बड़ा हादसा, ट्रेन से कटकर 2 लोगों की मौत

jam5.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के जामताड़ा में भीषण रेल हादसा हो गया, जिसमें अबतक दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। भागलपुर-यशवंतपुर ट्रेन में आग लगने की अफवाह के बाद किसी यात्री जंजीर खींच दी। आग लगने की खबर सुनते ही यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। यात्री ट्रेन से रॉन्ग साइड में कूदने लगे। इसी बीच अचानक आसनसोल से जसीडीह की ओर जा रही ईएमयू पैंसेजर ट्रेन गुजरी, जिसने कई यात्रियों को अपने चपेट में ले लिया। 


धूल उड़ने से हुआ संहेद 
घटना को लेकर जामताड़ा डीसी शशिभूषण मेहरा ने बताया कि, लोगों से सूचना मिली कि डाउन लाइन से भागलपुर-यशवंतपुर अंग एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12254) गुजर रही थी। इसी बीच लाइन के किनारे डाली गयी गिट्टी का डस्ट उड़ रहा था. डस्ट को देखकर चालक को संदेह हुआ कि ट्रेन में आग लग गयी है और धुंआ निकल रहा है। इस कारण चालक ने ट्रेन रोक दी। यात्री भी उतर गए। इसी बीच अप ट्रैक पर जा रही आसनसोल से झाझा जानेवाली इएमयू ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गयी। हालांकि रेलवे के अनुसार अंग एक्सप्रेस घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर थी। आग लगने जैसी कोई घटना नहीं हुई। 


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जाहिर किया दुख
हादसे पर ट्वीट करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिखा, "झारखंड के जामताड़ा जिले में एक रेल दुर्घटना में अनेक लोगों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखदाई है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"


मुख्यमंत्री चंपई ने जताया शोक
जामताड़ा रेल हादसे पर मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री चंपई ने ट्वीटकर लिखा, "जामताड़ा के कलझारिया स्टेशन के पास  हुई ट्रेन दुर्घटना की दुखद खबर से मन व्यथित है।" चंपई ने आगे लिखा, "प्रशासन की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।