logo

हजारीबाग में नशाखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 42.5 लाख रुपये की अफीम के साथ 4 गिरफ्तार

sftyksarsa.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के मुफसिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशाखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 42.5 लाख रुपये मूल्य की अफीम बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने चार अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। घटना 8 नवंबर 2025 की रात लगभग 11:45 बजे की है, जब पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली कि मुकुन्दगंज स्थित एनएच-33 पर कत्था फैक्ट्री के पास टोयोटा शोरूम के सामने कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां चार व्यक्ति आपस में बातचीत कर रहे थे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन छापामारी टीम ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान चारों के पास से एक-एक बैग मिला, जिसमें कुल 8.2 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। साथ ही चार मोबाइल फोन और चार बैग भी जब्त किए गए। गिरफ्तार तस्करों की पहचान सचिन कुमार, राकेश कुमार मेहता, नन्कु ठाकुर और अनिल दोंगी के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे सभी चतरा जिले से अफीम लेकर आए थे और उसे हरियाणा में बेचने की योजना थी।
पुलिस ने इस मामले में मुफसिल थाना कांड संख्या 187/25, दिनांक 09.11.2025 दर्ज किया है। मामला धारा 17(सी), 21(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार, पुलिस निरीक्षक विद्यावती ओहद्वार (चुरचू अंचल), थाना प्रभारी रौशन बर्णवाल (मुफसिल थाना), पुलिस अवर निरीक्षक संजय स्तन, तकनीकी शाखा हजारीबाग और सशस्त्र बल की टीम शामिल थी।

 

Tags - Latest Jharkhand News jharkhand News updates latest jharkhand News jharkhand updates latest hazaribagh news hazaribagh news Updates hazaribagh news hazaribagh news updates latest hazaribagh newsw hazaribagh News in hindi