द फॉलोअप डेस्क
खिजुरी पंचायत अंतर्गत चकलमुंडा गांव में प्रशासन ने अवैध माइका के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग घरों से भारी मात्रा में माइका जब्त किया है। यह कार्रवाई अंचलाधिकारी अखिलेश प्रसाद के निर्देश पर अंचल निरीक्षक रितेश केशरी एवं एएसआई लव कुमार के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध माइका कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चकलमुंडा गांव में लंबे समय से अवैध रूप से माइका का भंडारण किए जाने की सूचना प्रशासन को मिल रही थी। सूचना के आधार पर गठित टीम ने छापेमारी कर दो अलग-अलग घरों की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में अवैध माइका बरामद किया गया।
.jpg)
जब्त माइका का कुल वजन लगभग 55 टन आंका गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जिन- जिन घरों में अवैध माइका पाया गया है, उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है, ताकि साक्ष्यों से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो सके। जब्त माइका को विधिवत जब्ती सूची बनाकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। प्रशासन ने इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अवैध माइका के भंडारण और कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
.jpeg)