logo

पलामू लोकसभा सीट से RJD की ममता भुइयां लड़ेंगी चुनाव, जिलाध्यक्ष ने की पुष्टि

palamu_mamta.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लोकसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। इसके साथ ही यूपीए में सीट बंटवारे को लेकर अब तस्वीर साफ होने लगी है। झारखंड के पलामू लोकसभा सीट से इस बार I.N.D.I.A गठबंधन की ओर से RJD की प्रत्याशी मैदान में होंगी। RJD की ममता भुइयां चुनावी मैदान में उतरेंगी। इस बात की जानकारी राजद के पलामू जिला अध्यक्ष मोहन विश्वकर्मा ने दी है। हालांकि अबतक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 
बीजेपी का दामन छोड़ राजद में आईं है ममता
पलामू जिलाध्यक्ष मोहन विश्वकर्मा ने बताया कि ममता भुइयां पार्टी की उम्मीदवार होंगी। राष्ट्रीय जनता दल पलामू से लोकसभा चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल ने पलामू लोकसभा सीट से चुनाव की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। हालांकि सीट शेयरिंग को लेकर अभी घोषणा होना बाकी है। गौरतलब है कि ममता भुइयां पलामू के मेदिनीनगर के सिंगरा की रहने वाली हैं। कुछ दिन पहले ही राजद से जुड़ी हैं। उन्हें राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव और उनकी बेटी मीसा भारती ने सदस्यता ग्रहण करवाया था। इससे पहले वह बीजेपी में थी। 


अबतक सीट बंटवारे की तस्वीर साफ नहीं 
गौरतलब है कि एक तरफ चुनाव की तारीख का ऐलान हो गया है तो दूसरी तरफ यूपीए और एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर अभी तक तस्वीर साफ नहीं है। बीजेपी ने अब तक 11 सीटों पर उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। तीन सीट पर अभी एनडीए गठबंधन को लेकर कोई सहमति नहीं बनी है। हालांकि गिरिडीह सीट आजसू के हिस्से जाना तय है। यूपीए ने भी अभी तक सीट बंटवारे को लेकर आधिकारिक तौर पर जानकारी साझा नहीं की है। सूत्र बताते हैं जेएमएम- 6 कांग्रेस- 6, दो सीट अन्य के खाते में जा सकती है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86