logo

जमशेदपुर : मानगो के विकास और जनहित के लिए कल बड़ा धरना, सरयू राय के नेतृत्व में जुटेगा सर्व समाज

TATA0026.jpg

जमशेदपुर

जमशेदपुर के मानगो नगर निगम की कथित मनमानी और विकास कार्यों को रोके जाने के विरोध में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के नेतृत्व में सोमवार, 27 जुलाई को गांधी मैदान में आयोजित होने वाले विशाल धरना की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। धरना मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इस आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि धरना में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। सरयू राय का दावा है कि मानगो के विभिन्न इलाकों से आम नागरिक धरना स्थल पहुंचेंगे और इसमें सर्व समाज की भागीदारी रहेगी। आयोजकों के मुताबिक, धरना को लेकर पिछले कई दिनों से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया है।

विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया

आयोजन समिति से जुड़े लोगों ने बताया कि कार्यकर्ताओं की दर्जनों टुकड़ियों ने मानगो के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया और उनसे धरना में शामिल होने की अपील की। स्थानीय स्तर पर भी लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में गांधी मैदान पहुंचने का आग्रह किया गया है। आयोजन से जुड़े नेताओं ने बताया कि मौसम को देखते हुए धरना स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल तैयार कराया गया है। आयोजकों का कहना है कि धरना का मुख्य मुद्दा मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में विकास योजनाओं के बाधित होने का विरोध है। धरना के माध्यम से इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और निगम प्रशासन से जवाब मांगा जायेगा। आयोजन समिति ने मानगो के नागरिकों से सोमवार सुबह 10 बजे गांधी मैदान पहुंचकर धरना में भाग लेने की अपील की है।

Tags -  Mango Municipal Corporation Saryu Roy Jamshedpur Protest Public Interest Civic Development