जमशेदपुर
मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित आदर्श नगर में हुई चोरी की घटना ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। घर में घुसकर चोरों ने करीब दस लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

दिनदहाड़े चोरी की वारदात
घटना आदर्श नगर निवासी अंचल रस्तोगी के घर की है। अंचल रस्तोगी ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपनी पत्नी को लेकर डॉक्टर के पास गये थे। कुछ देर बाद जब वह लौटे तो घर के बाहर लगा छोटा ताला खुला मिला। भीतर जाने पर देखा कि घर में रखे बैग से आलमारी की चाबी गायब थी और आलमारी खुली हुई थी। 
उड़ गए लाख रुपये के गहने
आलमारी की जांच करने पर उनके होश उड़ गये। उसमें रखे करीब दस लाख रुपये के जेवरात गायब थे। अंचल ने बताया कि वह महज चार दिन पहले ही इस मकान में किराये पर रहने आये थे। ऐसे में चोरी की घटना ने उन्हें पूरी तरह हैरान कर दिया है।
पुलिस से असंतुष्ट पीड़ित, पहुंचे भाजपा नेता
घटना की सूचना उन्होंने उलीडीह थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होने पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विकास सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय थाना प्रभारी से फोन पर बात कर मामले का जल्द उद्भेदन करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की।