logo

दिल्ली : अनुराग ठाकुर बनेंगे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, मनीष सिसोदिया के दावे का आधार क्या है! 

manishanurag.jpg

दिल्ली: 

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। बीजेपी हाईकमान मौजूदा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कामकाज और विफलता से नाखुश है। बीजेपी ने प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने की तैयारी कर ली है। ऐसा दावा किया है, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने। दरअसल, मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को दिल्ली में प्रेस वार्ता की, जहां ये दावा किया। 

मनीष सिसोदिया के दावे में कितनी सच्चाई! 
मनीष सिसोदिया ने प्रेस वार्ता में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल बीते दिनों हिमाचल प्रदेश गये थे। वहां, मुख्यमंत्री को जनता का बहुत अच्छा रिस्पॉंस मिला। मनीष सिसोदिया ने कहा कि, बीजेपी इतना घबरा गई है कि वहां अपना मुख्यमंत्री बदलने जा रही है। मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि, हमारे विश्वसनीय सूत्रों ने हमें बताया कि सीएम जयराम ठाकुर के साढ़े 4 साल की विफलता के बाद, बीजेपी अनुराग ठाकुर को हिमाचल प्रदेश में अपना मुख्यमंत्री बनाएगी। 

मनीष सिसोदिया के दावे पर सीएम का पलटवार
इधर आप नेता औऱ दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के बयान पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पलटवार किया है। पत्रकारों द्वारा इस बाबत पूछे गए सवाल पर जयराम ठाकुर ने मनीष सिसोदिया के दावों को आधारहीन बताया। उन्होंने कहा कि, मैं उनके दावों को खारिज करता हूं। इस बात में कोई सच्चाई नहीं है कि बीजेपी अनुराग ठाकुर को राज्य में सीएम बनाएगी।