द फॉलोअप डेस्क
द फॉलोअप की खबर के प्रभाव के बाद, जमुआ विधायक मंजू देवी ने आज एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जमुआ प्रखंड में अवैध खनन, कानून व्यवस्था और अनाज की कालाबाजारी को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है और यह सब प्रशासन की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है।
विधायक ने बताया कि जमुआ विधानसभा क्षेत्र में 23 वैध खदानें हैं, जबकि बाकी सभी अवैध रूप से संचालित हो रही हैं। हाल ही में दलिया में हुए खूनी संघर्ष और गोविंदपुरा में ग्रामीणों के विरोध के बाद क्षेत्र में अवैध खनन का मुद्दा गरमाया है। गोविंदपुरा के ग्रामीणों का आरोप है कि खनन में होने वाली ब्लास्टिंग से उन्हें लगातार भारी परेशानी होती है। वहीं, दलिया की घटना में एक व्यक्ति की मौत और कई लोग घायल हुए थे।
मंजू देवी ने दोनों घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जिला प्रशासन अवैध खनन माफियाओं को संरक्षण दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमुआ थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बदहाल है और गरीबों के मामलों में थाना प्रभारी सहित कर्मियों द्वारा शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले दर्ज करने के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही है, जबकि अंचल कार्यालय की स्थिति भी इससे अलग नहीं है।
अनाज की कालाबाजारी को लेकर भी विधायक ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि जमुआ प्रखंड में कई ट्रक ऐसे हैं जो एफसीआई गोदाम तक नहीं पहुंचते और सड़क पर ही खाद्यान्न की अवैध ढुलाई करते हैं। इसकी शिकायत उन्होंने कई बार लिखित रूप में जिला प्रशासन को दी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। विधायक मंजू देवी ने सरकार से पूरे मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं की गई, तो वह इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक हर स्तर पर मजबूती से उठाएँगी।
.jpeg)