द फॉलोअप डेस्क
रांची के बड़गाईं अंचल स्थित बरियातू स्थित सेना की जमीन घोटाले मामले में राजस्व कर्मचारी सहित सात लोगों से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ शुरू कर दी है। गिरफ्तार सभी लोगों को रविवार को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार से ईडी ऑफिस लाकर पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारी छापेमारी के दौरान बरामद जमीन के कागजात सहित अन्य सवालों को जानने की कोशिश कर रहे हैं। पूछताछ में गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी व जमीन दलालों ने कई चौंकाने वाले राज खोल हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इससे कई अधिकारियों की भी संलिप्ता की जानकारी ईडी को मिली है। बताते चलें कि सेना की जमीन घोटाले मामले में 13 अप्रैल को कारोबारी प्रदीप बागची, राजस्व कर्मचरी भानु प्रताप, अफसर अली, इम्तियाज खान, तल्हा खान, फैयाज खान और मोहम्मद सद्दाम को गिरफ्तार किया गया है। 14 अप्रैल को कोर्ट ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। शनिवार को ईडी ने कोर्ट से गिरफ्तार आरोपितों की पांच दिनों की रिमांड मांगी थी। मगर कोर्ट ने चार दिनों की रिमांड की ही मंजूरी दी थी।

रांची के पूर्व डीसी के ठिकाने पर भी हुई थी छापेमारी
सेना की जमीन घोटाले से जुड़े केस में ईडी ने रांची के पूर्व डीसी और आईएएस छवि रंजन, बड़गाईं अंचल के सीओ मनोज कुमार सहित अलग-अलग अंचल के राजस्व कर्मचारियों और जमीन माफियाओं के कुल 22 ठिकाने पर छापेमारी की थी। इस दौरान एक राजस्व कर्मचारी के घर से भारी संख्या में जमीन के दस्तावेज बरामद हुए थे। वहीं, कोलकाता से जमीन के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रांची में अरबों की जमीन की खरीद-बिक्री में गड़बड़ी और उससे मनी लाउंड्रिंग के साक्ष्य भी ईडी को मिलने की बात कही जा रही है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT