जमशेदपुर
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मानगो के सहारा सिटी में महिला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपेंद्र सिंह मस्तान के नेतृत्व में किया गया, जिसमें समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला वार्ड पार्षदों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मानगो की मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी महिला पार्षदों को अंगवस्त्र और सम्मान प्रतीक देकर अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। नगर विकास से लेकर सामाजिक नेतृत्व तक महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महिला पार्षदों का सम्मान समाज में महिलाओं के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को और मजबूत करेगा।

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी सभी सम्मानित महिला पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम प्रेरणा का काम करते हैं।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे उपेंद्र सिंह मस्तान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मान देना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिला वार्ड पार्षद, स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित थीं।
