नंदलाल तुरी
धान अधिप्राप्ति वर्ष 2025-26 को सफलतापूर्वक संचालन करने के उद्देश्य से पाकुड़ जिला सहकारिता कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो ने की। इसमें जिले के विभिन्न लैंप्स के सदस्य सचिव उपस्थित रहे।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने धान अधिप्राप्ति के सभी चरणों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए सदस्य सचिवों को समय पर अधिप्राप्ति, किसानों से पारदर्शी लेन-देन, गुणवत्ता सुनिश्चित करना और सरकारी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि अधिप्राप्ति प्रक्रिया को सरल और सुचारू बनाने के लिए हर लैंप्स को अपने क्षेत्र में कार्य योजना तैयार करनी होगी। इसके साथ ही भंडारण व्यवस्था, रिकॉर्ड प्रबंधन और वितरण प्रणाली के उचित संचालन पर भी सदस्य सचिवों को विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
बैठक में किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान, शिकायत निवारण और अधिप्राप्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के उपायों पर भी जोर दिया गया। सदस्य सचिवों ने अपनी तैयारियों और संभावित चुनौतियों के बारे में जानकारी साझा की और जिले में धान अधिप्राप्ति को सफल बनाने के लिए सहयोग करने का संकल्प लिया। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने सभी से अनुरोध किया कि वे अपने क्षेत्रों में किसानों के साथ मिलकर धान अधिप्राप्ति वर्ष 2025-26 को व्यवस्थित, पारदर्शी और सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
