logo

डुमरी उपचुनाव: भाजपा और आजसू की सियासत है गरीब का बेटा गरीब बना रहे - राजेश ठाकुर

887766.jpg

द फॉलोअप डेस्क  

डुमरी उपचुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी बेबी देवी के पक्ष में चुनाव प्रचार के दूसरे दिन प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर एवं कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की ने डुमरी, इसरी, रंगामाटी, लक्ष्मणटुंडा, कोदआडीह, ठाकुरचक्र, खेतको में जनसंपर्क अभियान एवं चुनावी सभा की। चुनावी सभा को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि महंगाई मुक्त विकास हमारी प्राथमिकता है। आज गांव की महिला, बहनें महंगाई से परेशान हैं। भाजपा और आजसू की यही सियासत है कि गरीब का बेटा गरीब बना रहे और वो जो उद्योगपतियों का कर्ज माफ करते रहें। आजसू की विचारधारा विकास की नहीं है। उन्होंने कहा कि जगरनाथ दा का यह संकल्प ही था कि पारा शिक्षक का समायोजन किया गया। झारखंड अलग राज्य के लिए जो उनका संघर्ष रहा वो बेमिसाल था। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि डुमरी विधानसभा में जितने भी सरकारी उत्क्रमित विद्यालय का अपग्रेड हुआ, वह स्वर्गीय जगरनाथ महतो की देन है। जगरनाथ महतो जी सदन में इसको लेकर हमेशा आवाज उठाते रहते थे, जिसके परिणाम से आज डुमरी विधानसभा अंतर्गत सभी उत्क्रमित विद्यालयों बेहतर ढंग से चल रहे हैं, गरीब-अमीर सभी के बच्चे अच्छे से पढाई कर रहे हैं। 

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो पर तीखा प्रहार

प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की ने आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सुदेश जी अच्छा और ब्राण्डेड कपड़ा पहनकर जनता के बीच बहुत ढंग से झूठा ज्ञान बांट रहे हैं। जब वो राज्य के गृह मंत्री थे उस समय जनता के लिए क्या भलाई किया, कितनों को वन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग में लोगों को नौकरी दी। जगरनाथ दा हमेशा जनता के लिए सोचते थे और जनता के लिए विकास कार्य करते थे। उनकी यादों को जनता कभी नहीं भुल पायेगी। जनसंपर्क अभियान एवं चुनावी सभा को कृषि विपणन के अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह, राज्य आवाज बोर्ड के अध्यक्ष संजय लाल पासवान, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन केदार पासवान ने भी संबोधित किया। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N