logo

विपक्षी एकता के नाम पर हुई भ्रष्टाचारी और उनके संरक्षकों की बैठक- दीपक प्रकाश

1498.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पटना में हुई बैठक राजनीतिक लड़ाई की एकता नही बल्कि भ्रष्टाचार पर जांच एजेंसियों की हो रही कड़ी कारवाई पर सभी भ्रष्टाचारी और उनके संरक्षक की है। ये बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने कही। उन्होंने कहा कि झामुमो ने फिर झारखंड विरोधी मानसिकता वालों की गोद में बैठकर राज्य को कलंकित किया है। वहीं, राहुल गांधी का बैठक में शामिल होना कांग्रेस की स्वीकारोक्ति है कि वह अकेले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती। ये कैसी विडंबना है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी को आज क्षेत्रीय पार्टियों के सामने झुकना पड़ा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां बताएं तो सही कि उनका नेता कौन है? वे किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे, ये तो बताएं! हमारे नेता यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं, आपका कौन है?

सभी का मकसद एक है
पटना में जो-जो विपक्षी दल इकठ्ठा हुए हैं, उनका एक ही मकसद है भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों को बचाना। सोनिया गांधी और राहुल गांधी भ्रष्टाचार के मामले में बेल पर हैं। लालू यादव और तेजस्वी यादव के घोटालों को कौन नहीं जानता। लालू सजायाफ्ता मुजरिम हैं। ममता बनर्जी सरकार में तो अपराध और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। डीएमके भ्रष्टाचार के लिए जानी ही जाती है। केजरीवाल के कई मंत्री जेल की हवा खा रहे हैं। पंजाब में भी भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने देश पर आपातकाल थोपा था। पूरे विपक्ष को जेल में डाल दिया था। आज उसी पार्टी के साथ वे लोग हाथ मिला रहे हैं जो जेपी आंदोलन में कांग्रेस की तानाशाही के खिलाफ खड़े हुए थे।

ख्याली पुलाव पकाएंगे फिर अपने रास्ते चले जाएंगे
दीपक प्रकाश ने विपक्षी एकता की इस बैठक के संबंध में कहा कि सभी लोग पॉलिटिकल पर्यटन पर आए हैं। लिट्टी-चोखा खाएंगे, ख़याली पुलाव पकाएंगे, हाथ मिलाएंगे, लंबे-चौड़े भाषण देंगे और फिर अपने-अपने रास्ते चले जाएंगे। मोदी का मुकाबला करना इन भ्रष्टाचारियों के बस की बात नहीं है। इन लोगों के एकजुट होने से इनके वोट भी एकजुट हो जाएंगे, इसकी कोई गारंटी नहीं है। जनता के साथ कनेक्शन में मैथेमेटिक्स नहीं, केमिस्ट्री चलती है और केमिस्ट्री मोदी जी की है जनता के साथ।

जनता के जनादेश को कैसे देंगे चुनौती
भले एक होकर चुनाव लड़ें लेकिन जनता के जनादेश को कैसे चुनौती देंगे? 2019 के चुनाव में लगभग 224 सीटों पर भाजपा को 50 प्रतिशत से अधिक वोट मिले। इसके अतिरिक्त 31 सीटों पर भाजपा को मिले वोट, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले उम्मीदवारों को मिले कुल वोट से भी अधिक था। इसका मतलब ये कि भाजपा को मिले 302 सीटों में से 255 सीटों पर कोई मुकाबला था ही नहीं। मतलब ये कैसे भी लड़ते, इनकी जीत संभव नहीं। दीपक प्रकाश ने कहा कि जनता मोदी जी को आशीर्वाद देते नहीं थकती, कांग्रेस और विपक्ष मोदी को गाली देते नहीं थकते। जनता कहती है- मोदी तेरा कमल खिलेगा, कांग्रेस कहती है-मोदी तेरी कब्र खुदेगी। मोदी मर जा तू। विपक्ष मोदी जी को जितना गाली देता है, जनता मोदी जी को और उतना ही चाहने लगती है। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव भी उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N