logo

हजारीबाग में मुठभेड़ में घायल राहुल दुबे गैंग का सदस्य निकला शिक्षक, पॉक्सो केस में जा चुका है जेल

encounter1.jpg

हजारीबाग:

हजारीबाग में पुलिस के साथ मुठभेड़ में राहुल दुबे गैंग का सदस्य मोहम्मद रागिब अफजल शिक्षक निकला। वह हजारीबाग इंटर कॉलेज, बड़कागांव में पढ़ाता है। पुलिस ने बताया कि यह पहले भी पॉक्सो केस में  जेल जा चुका है। एसपी  अमन कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी केरेडारी थानाक्षेत्र के पगार ओपी क्षेत्र में संचालित चंद्रगुप्त कॉल खनन परियोजना के परिवहन मार्ग के आसपास खड़े ट्रकों और बूकरू पचडा रोड बैरियर के आसपास एक अपाचे मोटरसाइकिल से 2 अपराधी कुछ पर्चा छोड़कर बूकरू जंगल की ओर जा रहे हैं। एसपी ने तुरंत एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम ने तत्काल अपराधियों की खोजबीन के लिए छापेमारी शुरू कर दी। 

बुकरू जंगल के पास अपराधियों से हुई थी मुठभेड़
एसपी ने बताया कि टीम को सुबह 3:15 बजे बुकरू गांव के जंगल के पास एक अपाचे से 2 लोग सवार होकर आते हुए दिखे। पुलिस वाहन को देखकर अपाचे चालक गाड़ी को जंगल की दिशा में मोड़कर भागने लगा। सशस्त्र बल के द्वारा घेराबंदी कर उनका पीछा किया गया। इसी क्रम में मोटरसाइकिल चालक असंतुलित होकर गिर गया। दोनों अपराधी बाइक वहीं  छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। बताया जाता है कि भागने के क्रम में अपराधियों ने पीछा कर रहे पुलिस के जवानों पर फायरिंग की। पुलिस का दावा है कि उन्होंने मोर्चा संभालते हुए अपराधियों से कहा कि वे हथियार डालें, लेकिन उन्होंने दोबारा फायरिंग की। पुलिस के जवानों ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो एक अपराधी के पैर में जा लगी। गोली लगने से अपराधी के हाथ से  हथियार छूट गया और पुलिस ने उसके दूसरे साथी को भी धर-दबोचा। 

ट्रांसपोर्टिंग कंपनी को धमकाने के लिए छोड़ा पर्चा
एसपी अमन  कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में बड़कागांव का रहने वाला मोहम्मद रागिब अफजल घायल हुआ है। पुलिस ने चट्टी बरियातू चट्टी निवासी जितेंद्र सोनी को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया है कि वे राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और कुछ समय पहले ही ट्रांसपोर्टिंग रोड में चंद्रगुप्त कंपनी द्वारा लेवी नहीं दिए जाने पर उन्हें धमकाने और डराने के लिए पर्चा छोड़ने गए थे। पुलिस को इन अपराधियों के पास से 1 देशी पिस्टल, 3 मोबाइल फोन और अपाचे बाइक मिली है। मुठभेड़ में घायल मो. रागिब अफजल पॉक्सो के केस में 13 महीने जेल में रह चुका है। पुलिस, जितेंद्र सोनी का आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है। 


 

Tags - Hazaribagh Police EncounterRahul Dubey GangGangsterCrime News