logo

रेलकर्मी से हुई छिनतई कांड का पुलिस ने किया खुलासा, मास्टरमाइंड बिहार के मुंगेर से गिरफ्तार

रेलकर्मी से हुई छिनतई कांड का पुलिस ने किया खुलासा, मास्टरमाइंड बिहार के मुंगेर से गिरफ्तार

द फॉलोअप डेस्क

मिहिजाम थाना पुलिस ने कर्माटांड़ रेलकर्मी के साथ हुई सनसनीखेज छिनतई की वारदात का सफल खुलासा करते हुए मुख्य फरार आरोपी कर्ण तांती को बिहार के मुंगेर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की रणनीति के आगे उसकी एक नहीं चली। यह मामला मिहिजाम थाना क्षेत्र के शहर डाल के पास का है, जहां कुछ समय पूर्व अपराधियों ने कर्माटांड़ रेलकर्मी को निशाना बनाकर छिनतई की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद रेल महकमे और स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कांड संख्या 28/2026 दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया था।

नाबालिग की गिरफ्तारी से खुला पूरे गिरोह का राज

घटना के बाद पुलिस तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान एक 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया, जिसके बाद मुख्य आरोपी कर्ण तांती की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार कर्ण तांती घटना के बाद राज्य छोड़कर फरार हो गया था और बिहार में छिपकर रह रहा था।

मुंगेर में दबिश देकर दबोचा गया आरोपी

मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली कि कर्ण तांती बिहार के मुंगेर जिले में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मिहिजाम थाना क्षेत्र के पोखरतला का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल उसे मिहिजाम थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में इस कांड से जुड़े अन्य लोगों और क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Tags - Jharkhand Jamtara Crime Police Mihijam