साहिबगंज:
साहिबगंज जिले के रांगा थानाक्षेत्र अंतर्गत केंदुआ आमगाछी गांव में गुरुवार को बिहार एसटीएफ और साहिबगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री का बड़ा खुलासा हुआ है। बिहार की राजधानी पटना में हथियार के साथ पकड़े गए एक युवक की निशानदेही पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने बंद पड़े एक घर से एक दर्जन से अधिक अवैध हथियार एवं हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें 16 पिस्टल, मैगजीन समेत हथियार बनाने के कई आधुनिक उपकरण भी बरामद किए हैं।

बिहार के अपराधियों की निशानदेही पर पड़ा छापा
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों बिहार में कुछ अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था। उसकी निशानदेही पर यह कार्रवाई हुई है। आसपास के लोगों की मानें तो उक्त मुहल्ले में अधिकतर बाहर के लोगों ने जमीन खरीदकर घर बनवाया और रहते हैं। इस वजह से आसपास के लोगों को उस गृहस्वामी के बारे में बहुत ज्यादा जानकारी नहीं है। गुरुवार की सुबह अचानक बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची और ताला तोड़कर जांच पड़ताल शुरू की। 4 ताला तोड़कर पुलिस अंदर घुसी तो सभी के होश उड़ गये। आसपास के लोग भी आश्चर्यचकित रह गए।
स्थानीय लोगों को नहीं थी गन फैक्ट्री की भनक
लोगों का कहना था कि किसी को इसकी आजतक भनक नहीं लगी। बरामद सामान को पुलिस ज़ब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घर में मीडिया सहित किसी भी व्यक्ति के आने जाने की रोक लगा दी गई है। मौके पर बरहड़वा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, बरहड़वा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, प्रभारी रांगा थाना प्रभारी गौरव समेत दर्जनों पुलिस के जवान मौजूद थे।