logo

झारखंड में बढ़ा हुआ है न्यूनतम तापमान, नहीं बढ़ी ठंड; जानें क्यों

cold_not_in_jharkhand.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कार्तिक का महीना खत्म और अगहन शुरू हो गया है, लेकिन जितनी ठंड होनी चाहिए उतनी नहीं है। हालात यह है कि दिसंबर के महीने में भी धूप अच्छी नहीं लग रही है। 26 नवंबर तक झारखंड के जिन शहरों का तापमान सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा था, अभी वहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री ऊपर पहुंच गया है। इसका बड़ा कारण है अल नीनो, जिसके प्रभाव से दिसंबर महीने में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। 


अगले 4 दिनों तक सुबह में धूंध के बाद आंशिक बादल छाए रहेंगे
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अभी अधिकतम शहरों का औसत न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री के बीच होना चाहिए था, लेकिन अभी तापमान 18 डिग्री तक पहुंच गया है। इस बार अल नीनो के प्रभाव से दिसंबर महीने में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। रांची समेत राज्य के राज्य में अगले 4 दिनों तक सुबह में धूंध के बाद आंशिक बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। 


इस साल कम पड़ेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि इस साल ठंड बाकी सालों से कम पड़ेगी। शीत दिवस और शीतलहर के दिनों की संख्या में कमी आ रही है।अभी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। नमी का प्रवाह लगातार बने रहने से न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर है। अगले एक-दो दिनों में इसमें कुछ कमी आएगी। लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब की वजह से सात और आठ दिसंबर को भी आंशिक बारिश की स्थिति भी बन सकती है। इसके बाद ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N