द फॉलोअप डेस्क
अवैध बालू तस्करी के विरुद्ध खनन विभाग और मुफस्सिल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। इस क्रम में मटरुखा पंचायत से पीरटांड़ जाने वाले फतेहपुर पुल के पास से अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। वहीं पालमो पंचायत एवं बंदरकूपी के समीप से भी दो अवैध बालू लदे ट्रैक्टर पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। इसके अलावा महतोडीह इलाके में अधिकारियों की टीम ने छापेमारी की, जहां सैकड़ों ट्रैक्टरों का बालू अवैध रूप से डंप किया हुआ पाया गया। हालांकि, छापेमारी की सूचना मिलते ही सभी तस्कर अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। पालमो एवं बराकर नदी क्षेत्र में भी छापेमारी अभियान चलाया गया। बताया जाता है कि सदर प्रखंड के मटरुखा क्षेत्र तथा हजारीबाग-पीरटांड़-गिरिडीह-डुमरी मुख्य सड़क के बराकर नदी तट से अवैध रूप से बालू का उठाव कर ट्रैक्टरों के माध्यम से पास के धनबाद जिले में तस्करी की जाती है।

पूरे मामले पर खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं, जबकि मटरुखा और आसपास के इलाकों में भारी मात्रा में अवैध रूप से बालू डंप पाया गया है। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने भी कहा कि अवैध बालू तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
