द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी आज अचानक RIMS अस्पताल पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं ओपीडी में बैठकर मरीजों का इलाज भी किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर सख्त चेतावनी दी। मंत्री ने कहा, “अगर सरकारी नौकरी में रहकर प्राइवेट क्लिनिक चलाना है, तो पहले रिज़ाइन दीजिए। मैं सरकारी व्यवस्था को खराब करने की अनुमति नहीं दूंगा।” इसके अलावा उन्होंने एक्सपायरी दवाइयों, आउटसोर्सिंग कंपनियों और खराब एंबुलेंस पर भी कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया, “जो ईमानदारी से काम करेगा, उसके साथ मैं खड़ा हूँ; जो सिस्टम को कमजोर करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।”
डॉ. अंसारी ने यह भी घोषणा की कि वे अब हर हफ्ते किसी न किसी जिले में ओपीडी में बैठेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि डॉक्टर समय पर अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं या नहीं। RIMS में निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों, ब्लड सैंपल, आई-ओपीडी और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। किसी भी कमी पाए जाने पर उन्होंने मौके पर तुरंत सुधार करने का निर्देश दिया।