logo

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने पूर्णिया में कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में किया चुनाव प्रचार, कहा-बिहार में गुजरात के 2 नेता चला रहे सरकार

68ne64un4.jpg

**

द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव के समर में झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की भी एक्टिव हो गई है। ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस की ओर से बिहार चुनाव में ऑब्जर्वर बनाए जाने के बाद उन्होंने पूर्णिया सीट से महागठबंधन समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार जितेंद्र कुमार यादव के पक्ष में आदिवासी बहुल इलाकों में प्रचार अभियान चलाया।

पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के हांसदा मुंशी बाड़ी, बीरपुर, मधुसूदन चौक डलिया, रामपुर नया टोला सहित कई गांवों में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जनसभाएं कीं और कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि बिहार में बदलाव की बयार बह रही है, यह समय सरकार बदलने और राज्य के विकास की दिशा तय करने का है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 20 वर्षों से नीतीश कुमार की सरकार ने गांवों के विकास, महिलाओं के सम्मान और युवाओं के रोजगार के नाम पर सिर्फ सपने दिखाकर जनता को ठगा है।
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि “दरअसल बिहार में नीतीश कुमार सरकार नहीं चला रहे हैं, बल्कि गुजरात के दो नेता सरकार चला रहे हैं।” उन्होंने झारखंड की तुलना करते हुए कहा कि वहां “अबुआ दिशुम, अबुआ राज” के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दूरदर्शी सोच के साथ स्वतंत्र रूप से सरकार चला रहे हैं। झारखंड में गठबंधन सरकार ने किसानों का दो लाख रुपये तक का ऋण माफ किया है, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है और महिलाओं को हर माह 2,500 रुपये की सम्मान योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में भी गठबंधन की सरकार बनने पर ऐसी योजनाओं का लाभ जनता को मिल सकता है।

मंत्री ने आगे कहा कि यह चुनाव किसी एक दल या उम्मीदवार का नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार की लड़ाई को जीतना जरूरी है, क्योंकि बिहार सरकार ने कभी आदिवासी, दलित और पिछड़े समाज की सुध नहीं ली है।
मतदाताओं को आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि NDA सत्ता की लोलुपता में वोट खरीदने और चोरी करने तक से पीछे नहीं है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी देश के सामने वोट चोरी के मुद्दे को उजागर किया है। यदि जनता सतर्क नहीं हुई, तो NDA जनता की योजनाओं, अधिकारों और युवाओं के रोजगार पर भी डाका डाल सकती है। इसलिए जनता को अपने वोट के अधिकार का उपयोग कर गठबंधन की सरकार बनानी चाहिए।

प्रचार अभियान के दौरान उनके साथ आदिवासी विकास परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र उरांव, विजय उरांव, उपेंद्र शर्मा, वार्ड पार्षद नवल जायसवाल, आनंद लकड़ा, अमरोन बाड़ा, निभा देवी, संजू तिर्की, मुन्नी मरांडी, सुशीला मरांडी सहित गठबंधन के अन्य नेता मौजूद रहे।

 

Tags - latest jharkhand News Jharkhand News Updates latest updates jharkhand News updates Latest updates Jharkhand Shilpi Bihar Chunav News Updates latest Shilpi Bihar Chunav news Updates Shilpi Bihar Chunav news in Hindi Shilpi Bihar Chunav news Updates