logo

सदन में मंत्री योगेंद्र महतो की बड़ी घोषणा : नशे के कारोबार पर बढ़ेगी सख्ती, हर जिले में बनेगा टास्क फोर्स

YOGENDRA01.jpg

रांची
झारखंड विधानसभा में राज्य में बढ़ते अवैध ड्रग्स कारोबार और युवाओं में बढ़ती नशे की लत का मुद्दा जोर-शोर से उठा। इस पर जवाब देते हुए मंत्री योगेंद्र महतो ने कहा कि राज्य में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए हर जिले में विशेष टास्क फोर्स गठित की जाएगी और अवैध ड्रग्स के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा।
सदन में यह मामला विधायक रोशन लाल चौधरी ने उठाया। उन्होंने हजारीबाग और रामगढ़ सहित कई इलाकों में फैल रहे ‘सफेद जहर’ यानी हीरोइन और ब्राउन शुगर के बढ़ते कारोबार को लेकर सरकार से जवाब मांगा।


विधायक ने कहा कि हजारीबाग के अलावा रामगढ़ जिले के पतरातू, बड़कागांव और केरेडारी जैसे क्षेत्रों में ड्रग्स का अवैध व्यापार तेजी से फैल रहा है। इसके कारण युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है और इलाके में अपराध की घटनाओं में भी इजाफा देखने को मिल रहा है।
सदन में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में 2019 से 2023 के बीच एनडीपीएस एक्ट के तहत 2396 मामले दर्ज किए गए थे। वहीं 2023 से 2026 के बीच जिला-वार मामलों की संख्या में और वृद्धि दर्ज की गई है। हाल के दिनों में हजारीबाग और आसपास के थाना क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के ड्रग्स की बरामदगी से राज्य में ड्रग माफियाओं की गहरी पैठ का संकेत भी मिला है।


विधायक रोशन लाल चौधरी ने सरकार से पूछा कि ड्रग माफियाओं के खिलाफ क्या कोई विशेष अभियान चलाने की योजना है। साथ ही उन्होंने राज्य में बढ़ते नशे पर रोक लगाने के लिए विशेष टास्क फोर्स और एंटी-नारकोटिक्स अभियान शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा।
इस पर मंत्री Yogendra Mahto ने कहा कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और हर जिले में टास्क फोर्स बनाकर ड्रग माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

Tags - Jharkhand News Drug Trade Control Anti Narcotics Campaign NDPS Act Cases Assembly Budget Session