नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला उजागर हुआ है। पीड़िता ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए चार युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि कुछ महीने पहले उसकी पहचान एक युवक से हुई थी, जिसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी थी। इसी पहचान का फायदा उठाते हुए, उस युवक ने पीड़िता को 20 नवंबर की रात एक स्थानीय मेले में मिलने के लिए बुलाया। पीड़िता का आरोप है कि मुलाकात के बाद वह युवक उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां पहुंचने के बाद, उसने अपने तीन अन्य परिचितों को भी बुला लिया।
पीड़िता के अनुसार, चारों युवकों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक पीड़िता को उसी सुनसान जगह पर अकेला छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने किसी तरह अपने मोबाइल फोन से अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे घर ले गए। परिजनों ने अगले दिन सुबह महेशपुर थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। महेशपुर थाना ने पीड़िता के बयान के आधार पर तत्काल कांड संख्या 174/25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस गंभीर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
.jpeg)