logo

MLA अरूप चटर्जी को सांसद ढुल्लू महतो का लीगल नोटिस, 2 करोड़ हर्जाने और सार्वजनिक माफी की मांग

MP2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। सांसद की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से भेजे गए इस नोटिस में आरोप लगाया गया है कि विधायक ने प्रेस वार्ता के साथ-साथ विभिन्न मीडिया और सोशल मीडिया मंचों पर ऐसे बयान दिए, जिनसे सांसद और उनके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।

विधायक द्वारा लगाए गए आरोप तथ्यहीन- ढुल्लू

नोटिस में कहा गया है कि विधायक द्वारा लगाए गए आरोप तथ्यहीन, निराधार और मानहानिकारक हैं, जिससे सांसद की सार्वजनिक छवि प्रभावित हुई है। सांसद की ओर से विधायक को सात दिनों के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक लिखित माफी मांगने, अपने सभी कथित मानहानिकारक बयान वापस लेने और सोशल मीडिया समेत अन्य प्लेटफॉर्म से संबंधित सामग्री हटाने की मांग की गई है।

2 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग

नोटिस में 2 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति देने की भी मांग की गई है। स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर इन मांगों का पालन नहीं किया गया, तो सांसद की ओर से दीवानी और आपराधिक दोनों प्रकार की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस पूरे मामले पर सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन बिना तथ्य और प्रमाण के किसी व्यक्ति या उसके परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यह कदम किसी व्यक्तिगत विवाद के कारण नहीं, बल्कि सम्मान, सत्य और कानून के शासन की रक्षा के उद्देश्य से उठाया गया है।

Tags - Dhullu MahatoArup ChatterjeeDhanbad NewsDefamation NoticeJharkhand Politics