logo

छठ पर्व की तैयारी को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू ने कृत्रिम घाटों का किया निरीक्षण

dfty68er6yunr.jpg

द फॉलोअप डेस्क
छठ पूजा को लेकर गुरुवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने विधानसभा क्षेत्र के गोलमुरी, टेल्को एवं बारीडीह क्षेत्रों में बनाए गए विभिन्न कृत्रिम छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनता और छठ पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर तैयारियों की जानकारी ली और घाटों पर हो रही समस्याओं से अवगत हुईं।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि छठ पूजा में व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सुनिश्चित किया कि किसी भी श्रद्धालु को छठ पूजा के दौरान कोई असुविधा न हो। इस उद्देश्य से उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से फोन पर वार्ता कर आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने साफ-सफाई, समय पर जल आपूर्ति के लिए टैंकर, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और व्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम जैसी सुविधाओं को समय पर बहाल करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न कृत्रिम छठ घाटों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी घाटों पर आवश्यक व्यवस्था समय पर पूरी कर ली जाएगी। निरीक्षण के दौरान विधायक के प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा गोलमुरी मंडल के अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, बारीडीह मंडल अध्यक्ष जीवन साहू, अशोक सामंत, सुरेंद्र सिंह शिंदे, अप्पा राव, सीनू राव सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे।



 

Tags - Latest Jharkhand News Jharkhand News Updates latest updates Jharkhand News updates jamshedpur News updates latest Jharkhand News jamshedpur News jamshedpur news Updates