द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सीतारामडेरा में सोमवार को विधायक पूर्णिमा साहू ने करीब 1 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में हरिजन स्कूल मैदान का निर्माण, भालुबासा में भंडार गृह, भालुबासा मुखी समाज के विकास भवन का जीर्णोद्वार, किचन शेड एवं छात्र-छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण, शीतला भवन के समीप शौचालय और किचन शेड निर्माण, भुईयांडीह स्थित शिशु विद्यालय के जर्जर भवन का मरम्मत कार्य, नीतिबाग कॉलोनी रोड नंबर 1 में नाली निर्माण, ह्यूम पाइप, इंद्रानगर में महतो जिरोक्स के बगल गलियों में सड़क निर्माण, छायानगर और भुईयांडीह बस्ती में नाली निर्माण, न्यू बाराद्वारी देवनगर स्थित सुभाष आश्रम में किचन शेड निर्माण तथा बाराद्वारी देवनगर के सामुदायिक भवन का मरम्मत, सौंदर्यीकरण, सीढ़ी, छत पर बाउंड्री वॉल और किचन शेड निर्माण शामिल हैं। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता पवन अग्रवाल, भाजपा सीतारामडेरा मंडल के उपाध्यक्ष रंजीत सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष पोरेश मुखी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जनता से किए गए विकास के वादों को पूरा करना और हर बस्ती एवं मोहल्लों तक सुविधाएं पहुँचाना उनकी प्राथमिकता और संकल्प हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, स्वच्छता, सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी। पूर्णिमा साहू ने यह भी कहा कि आगामी दिनों में विधानसभा क्षेत्र में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए कई अन्य विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने विधायक पूर्णिमा साहू के प्रयासों और विकास कार्यों के प्रति सक्रियता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। शिलान्यास कार्यक्रम में उमेश साव, रामचंद्र साव, संजय प्रसाद, रमेश विश्वकर्मा, राखी राय, कौस्तव रॉय, नागेश प्रसाद, संजय सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं भी उपस्थित थीं।
