द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत शुक्रवार को सेवा विमान से रांची पहुंचे। एयर पोर्ट पर आरएसएस के प्रमुख अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। मोहन भागत आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर देश भर में आयोजित हो रहे संवाद कार्यक्रम के तहत रांची पहुंचे हैं। शताब्दी वर्ष पर आरएसएस देश भर में उस क्षेत्र के प्रमुख लोगों के साथ संवाद स्थापित कर रहा है। उनके विचार जान रहा है और आरएसएस के बार में उस क्षेत्र के प्रमुख लोगों को बता रहा है।
.jpeg)
मोहन भागवत भी इसी उद्देश्य से रांची पहुंचे हैं। जानकारी के अनुसार 24 जनवरी को कार्निवल वेंक्वेट हॉल में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। दिन के साढ़े 10 बजे से लगभग साढ़े तीन बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में जनजातीय समाज के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा अन्य क्षेत्र व समाज के प्रमुख लोगों को भी पूरे झारखंड से आमंत्रित किया गया है। संवाद कार्यक्रम में मोहन भागवत आरएसएस द्वारा किए जा रहे कार्यों और इसके उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। पिछले 100 साल में आरएसएस ने देश और समाज के लिए क्या किया, इसे भी रेखांकित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर भी होगा। इसमें कार्यक्रम में शामिल हो रहे झारखंड के प्रमुख लोग उनसे सवाल पूछ सकेंगे। संवाद कार्यक्रम में संघ के क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जी, प्रांत प्रचारक गोपाल जी के अलावा संघ के कई वरीय पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। संवाद कार्यक्रम के बाद मोहन भागवत रांची से शनिवार को ही लौट जाएंगे।
