logo

Monsoon 2022 : 10 जून तक झारखंड में दस्तक देगा मानसून, अच्छी बारिश से लहलहाएगी धान की फसल

monsoon.jpg

रांची: 

झारखंड में मानसून 10 जून तक दस्तक दे सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र (रांची ) के मुताबिक झारखंड में मानसून 10 जून के आसपास आ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि केरल में मानसून अगले एक-दो दिनों में आ जायेगा। इसके बाद 10 से 12 दिनों के भीतर झारखंड में मानसून का आगमन होगा। मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) के प्रभारी निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया  कि 10 जून तक पूरे झारखंड में मानसून प्रवेश कर जायेगा। मार्च से रांची सहित राज्य के बाकी हिस्सों में प्री-मानसून बारिश शुरू हो चुकी है।

तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी
गौरतलब है कि बीते एक सप्ताह से राजधानी रांची सहित कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। कहा जा रहा है कि आगामी 2 जून तक यही स्थिति रहेगी। मौसम विभाग ने 29 मई को कई जगहों पर आंधी-तूफान और तेज बारिश के साथ वज्रपात की आशंका व्यक्त की है। रांची के अलावा कोल्हान और पलामू प्रमंडल में ऐसी चेतावनी जारी की गई है। 

धान की फसल के लिए अच्छी बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मानसून पिछले साल के मुकाबले बेहतर होगा। पारा घटेगा। गर्मी में कमी आयेगी। मानसून की अच्छी बारिश से किसानों को बहुत फायदा होगा। धान की फसल अच्छी होगी। सिंचाई में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।