logo

3 बच्चियों को कुएं में फेंक मां ने लगाई फांसी, परिवार उजड़ने से बदहवास पति

fansi2.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर स्थित कुरकुट वन से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल यहां  31 वर्षीय महिला शंतना हांसदा ने अपनी तीन बेटियों की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फांसी पर लटक गई। बच्चियों की उम्र 12 साल से कम है। तीनों लड़कियों में सेफाली (12), दिपाली (10) और रूपाली (9 माह) की थी। मां ने घर के पास स्थित कुएं में तीनों को फेंका है। शंतना की चार बेटियां थी लेकिन उसमें से एक दो वर्षीय बेटी बाहर खेल रही थी इस वजह से वह बच गई। घटना गुरुवार सुबह 11 बजे की है। पुलिस को इसका पता शुक्रवार को चला जिसके बाद शनिवार को पुलिस मौके पर पहुंची औऱ जांच में जुट गई। गांव वालों का कहना है कि यह परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। शायद इसलिए मां ने इतना बड़ा कदम उठाया।

 
पिता का रो-रोकर बुरा हाल
तीनों बच्चियों के शवों को निकालकर परजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गई। पुलिस शंतना की लाश नीमडीह के जंगल में मिलने के बाद जब छानबीन करने लगी तो सारी बातें सामने आई। जिस दिन की यह घटना है उस दिन महिला का पति सुबोध हांसदा घरपर नहीं था। वह ट्रैक्टर चालक है। सूचना मिलने के बाद वह घर पहुंचा तो देखा उसका परिवार उजड़ चुका है। वह अपनी एक बेटी को गले लगाकर हताश बैठा है।  उसका रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपनी दो वर्षीय बच्ची के साथ सदमे में है।


गांव वालों ने निकाल दिया था बाहर 
दरअसल बेटियों को कुएं में फेंककर मारने के बाद गुरुवार की शाम गांव में बैठक हुई थी। इसमें पंचायत ने शंतना हांसदा के हाथ से लोहे की चूड़ी उतरवा ली और ससुराल के साथ सबंध खत्म कर उसे हमेशा के लिए अपने मायके जाने को कहा। वहां उसके मायके वाले भी मौजूद थे। मायके वाले शंतना को लेकर जा रहे थे। इसी बीच रास्त में बड़ा बाजार के कुछ दूर पहले ही बुरूडीह में महिला ने घरवालों से शौच करने की बात कही और जंगल में चली गई। काफी देर तक वह नहीं लौटी तो घरवालों ने सोचा कि वह घर पहुंच गई होगी, लेकिन, मायके नहीं पहुंचने नीमडीह पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शुक्रवार देर रात शव बरामद किया। पुलिस ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N