नंदलाल तुरी
राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा गुरुवार को पाकुड़ परिसदन पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी परेशानियों की जानकारी सांसद को दी।
सांसद विजय हांसदा ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत में झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम और सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव ने बुके देकर सांसद का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास पर चर्चा की।
मौके पर झामुमो के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे, जिनमें केंद्रीय सदस्य पिंकू शेख, उमर फारूक, पोलिना मुर्मू, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष कदम रसूल, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के कार्यकर्ता शामिल थे। सांसद के जनसंपर्क कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। सांसद ने सभी को भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
