द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के 1001 हिंदू धर्म के बुजुर्गों ने द्वारका एवं सोमनाथ की तीर्थ यात्रा पूरी कर वापस लौटे। दरअसल झारखंड सरकार राज्य के गरीब (बीपीएल) नागरिकों को ना सिर्फ तीर्थ स्थलों का दर्शन करवा रही है, बल्कि उनका खर्च भी वहन कर रही है। इसके तहत मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना-2023 के दूसरे चरण में 20 मार्च से 27 मार्च 2023 तक राज्य के 60 वर्ष से अधिक आयु के बीपीएल श्रेणी के 1001 वरिष्ठ हिन्दू धर्मावलम्बियों को द्वारका एवं सोमनाथ की तीर्थ यात्रा कराई गई। इस तीर्थ यात्रा में सभी तीर्थ यात्रियों को निःशुल्क बस, ट्रेन से यात्रा, नाश्ता, भोजन एवं होटल में ठहराने तथा बस के माध्यम से स्थानीय धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया।

मुस्लिम बुजुर्गों को अजमेर, आगरा, फतेहपुर सीकरी ले जाया गया
मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत झारखंड पर्यटन विकास निगम लि. द्वारा प्रथम चरण में राज्य के 60 वर्ष से अधिक आयु के बीपीएल श्रेणी के कुल 830 वरिष्ठ इस्लाम धर्मावलम्बियों को 15 फरवरी से 21 फरवरी तक अजमेर शरीफ, आगरा एवं फतेहपुर सीकरी के तीर्थ स्थलों का दर्शन कराया गया था। दोनों धर्म के लोगों को हटिया रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया था।

यात्रियों ने की सरकार से अपील, योजना रखें जारी
दोनों तीर्थ यात्रा से सभी तीर्थ यात्री काफी खुश हैं। सभी ने झारखंड सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए सरकार को धन्यवाद दिया। तीर्थ यात्रियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस योजना को आगे भी जारी रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस योजना के कारण ही उनके जैसे और भी गरीब नागरिक तीर्थ दर्शन कर सकते हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT