logo

जामताड़ा के 2 साइबर अपराधियों को मुंबई पुलिस ने पकड़ा, शातिर अंदाज में करते थे ठगी

मबवाी3.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
साइबर अपराधियों की तलाश में मुंबई पुलिस शुक्रवार को जामताड़ा पहुंची थी। जामताड़ा साइबर थाना और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गये दोनों साइबर अपराधियों को मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई है। दरअसल मुंबई एमएआर पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में ये कार्रवाई हुई है। साइबर अपराधियों की तलाश में जामताड़ा पहुंची मुंबई पुलिस ने स्थानीय साइबर थाना के सहयोग से कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सीयाटांड़ और मिशन चौक के पास छापामारी की। इस संयुक्त कार्रवाई में दो साइबर अपराधियों को पकड़ा गया। पकड़े गए साइबर अपराधियों का नाम रवि मंडल और संतोष शर्मा है। ये दोनों कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। 


मुंबई एमएआर पुलिस स्टेशन में दर्ज है मामला
मुंबई पुलिस के द्वारा जामताड़ा में पकड़े गए साइबर अपराधियों के विरूद्ध मुंबई एमएआर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज है। जिसमें इन दोनों पर करीब 2 लाख की साइबर ठगी करने का आरोप है। जामताड़ा साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक अब्दुल रहमान ने जानकारी देते हुए बताया कि ये मामला जनवरी 2024 में मुंबई एमएआर पुलिस स्टेशन में कांड संख्या 15/2024 दर्ज किया गया है। मुंबई पुलिस से इंस्पेक्टर सुनील विठ्ठल स्वांग और एएसआई प्रदीप कापड़े शुक्रवार को जामताड़ा पहुंचे थे। 


मुंबई पुलिस ले गये दोनों अपराधियों को अपने साथ 
इस कांड में बैंक अधिकारी बनकर पीड़ित के खाते से करीब दो लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली गयी। मामला दर्ज होने के बाद मुंबई थाना की पुलिस ने अनुसंधान शुरू की। इस अनुसंधान के क्रम में जामताड़ा से साइबर ठगी का पता चला। जिसके बाद आरोपी साइबर अपराधियों की तलाश में मुंबई पुलिस की एक टीम जामताड़ा पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से दोनों साइबर अपराधियों को पकड़ा गया। मुंबई पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों साइबर अपराधी को कानूनी कार्रवाई करते हुए मेडिकल जांच कराया गया। इसके बाद जामताड़ा न्यायालय में दोनों को पेश किया गया है। इस कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय के आदेश के बाद मुंबई पुलिस दोनों अपराधियों को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ मुंबई ले गई है। 

Tags - Jamtara Cyber ​​Fraud Jamtara Cyber ​​Crime Jamtara Recent News Jamtara Crime Jharkhand Jamtara