logo

खूंटी-चाईबासा बॉर्डर पर नक्सली एरिया कमांडर ढेर, सुरक्षाबलों के साथ हुई थी मुठभेड़

सहल्ो.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
खूंटी- चाईबासा बॉर्डर स्थित जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आ रही है। जिसमें एक नक्सली के मारे जाने की सूचना है। दरअसल माओवादियों के जुटने की गुप्त सूचना पर कोबरा और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया था। इसी दौरान सर्वदा जंगल में पुलिस का माओवादियों से सामना हो गया। दोनों तरफ से फायरिंग हो रही है। खूंटी डीएसपी वरूण रजक ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।


इस मुठभेड़ में भाकपा माओवादी संगठन का एरिया कमांडर बुधराम मुंडा मारा गया है। जानकारी के अनुसार, रांची रेंज के वरीय पुलिस अधिकारी के निर्देश पर जिला पुलिस और कोबरा बटालियन नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना की पुष्टि करते हुए डीआईजी अनूप बिरथरे ने बताया कि मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है और सर्च अभियान जारी है। 


बता दें कि यह इलाका घोर नक्सल प्रभावित है। यह चाईबासा और खूंटी जिला का सीमावर्ती इलाका है। 25 मई को झारखंड की चार सीटों पर चुनाव होना है। इनमें रांची, धनबाद, गिरिडीह और जमशेदपुर की सीटें शामिल हैं। रांची लोकसभा क्षेत्र का इलाका खूंटी से सटा हुआ है। इस लोकसभा क्षेत्र में ही सरायकेला जिले का ईचागढ़ विधानसभा सीट भी शामिल है। लिहाजा, रांची से सटे नक्सल प्रभावित सीमावर्ती इलाकों में विशेष चौकसी बरती जा रही है।
 

Tags - Khunti News Khunti Latest News Encounter in Khunti Khunti Chaibasa Border