द फॉलोअप डेस्क
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी के. राजू का आज झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर आगमन हुआ, जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पार्टी के मंत्री, विधायक, जिलाध्यक्षों सहित हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें फूल माला से लाद दिया। रांची एयरपोर्ट में के. राजू का पारंपरिक तरीके से स्वागत टाना भगतों द्वारा छउ नृत्य एवं ढोल बजाने के साथ किया गया।
प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष एयरपोर्ट से सीधे पुराना हाईकोर्ट स्थित डॉ. अम्बेडकर चौक पहुंचे, जहां कांके विधायक सुरेश बैठा, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, आलोक कुमार दूबे, डॉ. राजेश गुप्ता, मणिशंकर, राकेश तिवारी, संजीव यादव, अभिषेक साहु, अरुण साहु, फिरोज रिज्वी सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर के. राजू ने अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
वहां से काफिला हिनू चौक, बिरसा मुण्डा चौक, सिद्धू-कान्हू पार्क, अलबर्ट एक्का चौक होते हुए कांग्रेस भवन पहुंचा सभी चौक चौराहों को फूल माला से विशेष रूप से सजाया गया था। स्वतंत्रता सेनानी, महापुरुषों को अपना श्रद्धासुमन अर्पित कर प्रभारी के राजू कांग्रेस भवन, में आयोजित स्वागत समारोह में पहुंचे।इस स्वागत समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव प्रणव झा, बंधु तिर्की, सुबोधकांत सहाय, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।