द फॉलोअप, रांची
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड प्रशासनिक सेवा (झा०प्र०से०) के संयुक्त सचिव पद पर नवप्रोन्नत हुए अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रति सभी नवप्रोन्नत अधिकारियों ने आभार जताया। मौके पर मुख्यमंत्री ने नवप्रोन्नत अधिकारियों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी और विश्वास जताया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सरकार द्वारा संचालित जनहित, सुशासन एवं विकासात्मक कार्यों को और ज्यादा प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाने में अपनी महत्ती भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले नवप्रोन्नत अधिकारियों में प्रवीण प्रकाश, विद्या भूषण कुमार, सचिंद्र बड़ाईक, प्रेम तिवारी,सत्यवीर रजक, सुमन पाठक, अमित बेसरा, महेंद्र कुमार, मोनी कुमारी, मोनिका रानी टूटी, रंजीत लोहरा, विजय विरुआ, मनीषा तिर्की,एनी सरोजिनी तिर्की एवं गीतांजलि शामिल थे।

हालांकि दूसरी ओर अखिल भारतीय सेवा, झारखंड प्रशासनिक सेवा और झारखंड पुलिस सेवा के अधिकारियों में भारी नाराजगी भी है। वे अपनी पोस्टिंग के लिए सरकार को कोस रहे हैं। 17 अप्रैल को विभिन्न जिलों के डीसी पद से हटाए गए 11 आईएएस अधिकारियों की पोस्टिंग नहीं हुई है। इसी तरह झारखंड प्रशासनिक सेवा के विभिन्न संवर्गों के 50 से अधिक अधिकारी कार्मिक में योगदान करके प्रतिदिन केवल हाजिरी बना रहे हैं। नव नियुक्त 39 डीएसपी अपना प्रशिक्षण पूरा कर लेने के ढाई साल बाद भी पोस्टिंग के लिए प्रतिक्षारत हैं। सचिवालय सेवा के भी लगभग 18 अधिकारी पोस्टिंग की राह जोह रहे हैं।
